प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर शनिवार की रात बेखौफ बदमाशों ने सड़क पार कर रही महिला का मोबाइल छीनकर भाग निकले। वहीं कंधई के दीवानगंज में भी बदमाश चलती टेंपो से महिला का पर्स छीन लिए।
नगर कोतवाली के जोगापुर की रहने वाली सरिता शनिवार की रात अपनी बहन के साथ बाजार से सामान खरीदकर लौटी। सीताराम धाम के करीब वह घर जाने के लिए सड़क पार रही थी। तभी दो बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल हाथ से छीनकर भाग निकले। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
रखहा संवाददाता के अनुसार कंधई के पूरे देवजानी की रहने वाली नरगिस रविवार दोपहर पट्टी से टेंपो पर बैठकर शहर की ओर जा रही थी। दीवानगंज बाजार चौराहे पर टेंपो पहुंचने पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश नरगिस का पर्स छीनकर भाग निकले। शोर शराबा करने पर आसपास के लोग दौड़े लेकिन बदमाश भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस चौराहे पर लगी सीसीटीवी खंगालने के बाद बदमाशों की खोजबीन करने लगी। पर्स में रुपये, कागजात, एटीएम, आधार और पैन कार्ड था। जबकि महिला बदमाशों से अपना मोबाइल बचाने में कामयाब रही। दिनदहाड़े इस घटना से दहशत है।