एआईएमआईएम नेता इसरार अहमद का ट्रक चोरी कर कबाड़ी को बेचने के मामले में पुलिस ने बदमाश समेत सह चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से 25 हजार रुपये व दो मोबाइल बरामद हुआ। ट्रक का कबाड़ी इमरान बाटला के साथ 3.60 लाख रुपये में सौदा हुआ था। इमरान ने दो लाख रुपये तुरंत दे दिए थे। घटना में शामिल ट्रक चालक फरार है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरौली निवासी एआईएमआईएम नेता इसरार अहमद का ट्रक 15 अगस्त को चोरी हुआ था। पुलिस ने ट्रक को भुपियामऊ में कबाड़ियों के पास से ही बरामद कर लिया था। ट्रक को काटकर कबाड़ में बेचने के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी कबाड़ी इमरान बाटला समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि इमरान के पिता कबाड़ी अख्तर और रिजवान को फरार घोषित किया था।
शनिवार को पुलिस ने ट्रक चोरी कर कबाड़ी को बेचने के आरोपी दांदूपुर निवासी शेबू उर्फ नदीम उर्फ रिजवान और सहायक ट्रक चालक नगर कोतवाली इलाके के पूरेमाद गांव निवासी गुफरान उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया।
इन लोगों ने पुलिस को बताया कि ट्रक के चालक नगर कोतवाली के पूरेमाद निवासी अब्बास को रुपये की जरूरत थी। इधर, मालिक इसरार भी ट्रक बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे थे। अब्बास ने ट्रक बेचने के लिए गांव के तबरेज व अपने सह चालक कल्लू से बात की।
तबरेज ने लीलापुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर निवासी रिश्तेदार शेबू उर्फ नदीम से बात कर ट्रक बेचने का इंतजाम करने के लिए कहा था। कुछ दिनों बाद शेबू ने कबाड़ी इमरान बाटला से 3.60 लाख रुपये में ट्रक का सौदा कर लिया। 14 अगस्त को चालक अब्बास ने कल्लू से ट्रक पेट्रोलपंप पर मंगाया था।
बाद में एफसीआई के पास अब्बास ने चाबी शेबू को दे दी। शेबू ने ट्रक लेकर भुपियामऊ में कबाड़ी इमरान के हवाले कर दिया। इमरान ने उसे दो लाख रुपये दिए। इस दौरान रानीगंज अजगरा के रहने वाले रुस्तम और सद्दाम ने शेबू की मदद की थी।
शेबू ने दो लाख रुपये तबरेज को दिए थे। तबरेज ने एक लाख रुपये चालक अब्बास को दिए और एक लाख अपने पास रख लिए थे।
दो लाख रुपये मिलने के बाद तबरेज ने शेबू को 30 हजार, रुस्तम व सद्दाम को 5-5 हजार और चालक अब्बास ने कल्लू को पांच हजार रुपये दिए थे। जिस रिजवान की पुलिस को तलाश थी। वही शेबू निकला। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। रविवार को कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए बदमाश शेबू व सहायक ट्रक चालक कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।