अंतू थाना क्षेत्र के रघईपुर में शनिवार दोपहर मालिक ने अपने नौकर को लाठी डंडों से पीटकर मार डाला। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम साक्ष्य संकलित करती रही।
अंतू थाना क्षेत्र के भवानीपुर बहेलियापुर निवासी रिंकू वर्मा (31) करीब दस वर्षों से ग्राम सभा के ही रघईपुर निवासी आलोक सिंह के घर पर रहकर मजदूरी करता था। ग्रामीणों के अनुसार अलोक सिंह नशे का आदी है। पड़ोसी भी उसकी हरकतों से परेशान रहते हैं। आए दिन नशा करने के बाद आलोक रिंकू की पिटाई करता था। शनिवार दोपहर आलोक सिंह नशे की हालत में था। घरेलू नौकर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आवेश में आकर आलोक उसे मारने के लिए दौड़ाया। जान बचाने के लिए रिंकू पशुशाला में छिप गया। पीछे से पहुंचे आलोक ने डंडे से रिंकू को दौड़ाकर पीटा। इस बीच वह जमीन पर गिर पड़ा। कुछ देर में तड़पते हुए रिंकू की मौत हो गई। उसे बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। मौका पाकर आलोक वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पहुंची अंतू पुलिस आरोपी की तलाश करने लगी। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। मृतक चार भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। उसके ऊपर ही परिवार के गुजर बसर का भार था। घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता कल्लू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी आलोक की तलाश की जा रही है।
रिंकू बचाने की लगाता रहा गुहार, सामने नहीं आया कोई
मालिक आलोक की पिटाई से रिंकू रोते हुए आसपास के लोगों से मदद मांगने की गुहार लगाता रहा। मगर कोई मदद करने सामने नहीं आया। पड़ाेसी भी आलोक की हरकतों से भयभीत रहते हैं।