शहर में कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिजली की टीम ने 10 दिन के भीतर 300 बकायेदारों की बत्ती गुल कर दी है। विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
शहर में 28 हजार पंजीकृत उपभोक्ता हैं। 5000 उपभोक्ता बकायेदार हैं। इसमें से 2300 ऐसे बकायेदार हैं जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी बिजली का बिल नहीं जमा किया है। विभाग ने अब ऐसे बकायेदारों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। शहर में एसडीओ अजीत यादव नेतृत्व में अभियान की शुरूआत की गई है। एक नवंबर से कार्रवाई शुरू की गई है।
गुरुवार को भी शहर के कादीपुर, दहिलामऊ, रूपापुर, बाबागंज उपकेंद्र से जुड़े शहरी मोहल्लों में अभियान चलाया गया। 30 बकायेदारों की बत्ती गुल की गई। एसडीओ अजीत कुमार यादव ने बताया कि अब तक 300 बकायेदारों की बिजली गुल की गई है। अभियान नवंबर तक चलेगा। बकायेदार बिल ऑन लाइन भी जमा कर सकते हैं।