रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव के समीप मालवाहक वाहन की टक्कर से घायल एसी मिस्त्री की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के दहिलामऊ निवासी शिवमूरत चौधरी (38) एसी बनाने का काम करता था। 28 मई को वह अपने साथी सनी प्रजापति के साथ एसी रिपेयरिंग के लिए जामताली बाजार गया था। बाइक से लौटते समय जामताली-दिलीपपुर मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय जरियारी के समीप मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दिया। बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।
घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार की देर रात शिवमूरत की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक के भाई प्रभात चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।