कर चोरी की हकीकत खंगालने के लिए शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम कुंडा कस्बे के श्रद्धालु नर्सिंगहोम पहुंची। इससे हड़कंप मच गया। चार थानों की फोर्स के साथ पांच अधिकारियों की टीम ने नर्सिंगहोम में पहुंचकर पूछताछ करनी शुरू कर दी। इस दौरान सभी को काम बंद करके अस्पताल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। सारे रजिस्टर चेक किए गए। मरीजों और तीमारदारों से अल्ट्रासाउंड, पैथालॉजी जांच और दवाओं के वितरण और लिए गए पैसों के बारे में पूछताछ की गई। टीम शाम तक जांच करती रही।
आयकर विभाग के अपर आयुक्त फैजाबाद अमित निगम के नेतृत्व में टीसी मिश्रा प्रतापगढ़, एल एन मिश्रा, आनंद मिश्रा व एसके लाल सुल्तानपुर कुंडा पहुंचे। कोतवाली पहुंचकर चार थानों की फोर्स बुलाई। टीम सीओ राधेश्याम और कोतवाल के साथ भगवान तिराहा स्थित श्रद्धालु नर्सिंगहोम पहुंची। टीम ने अस्पताल के चिकित्सक और संचालक लल्लूराम गुप्ता से पूछताछ की। इसके बाद मरीजों से एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच सहित अन्य खर्चे के बारे में जानकारी ली। शुल्क में भी मरीजों और चिकित्सकों के बयान में काफी अंतर रहा। अंदर ही चलने वाले मेडिकल स्टोर की दवाओं के मूल्य देखने के साथ ही बिलिंग का भी ब्यौरा लिया गया। नर्सिंगहोम के बाहर सीओ कोतवाल सहित भारी संख्या में फोर्स देखकर भीड़ जुट गई। हालांकि बाद में पुलिस ने भीड़ को हटाया। शाम तक टीम जांच करती रही।