उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे बसन की घटना के विरोध में शिक्षकों ने घेरा थाना
छात्रा की मां का आरोप-आए दिन प्रधानाचार्य करते हैं बेटी की पिटाई, तहरीर भी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
पट्टी। उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे बसन में शुक्रवार सुबह पांचवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा के पिता और चाचा ने प्रधानाध्यापक को परिसर में ही घसीट-घसीटकर पीटा। इससे आक्रोशित शिक्षकों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने छात्रा के पिता व चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रा की मां ने भी प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षकों पर बेटी की आए दिन पिटाई का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
क्षेत्र के ही ठनेपुर गोपापुर निवासी मिठाई लाल पूरे बसन उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। शुक्रवार सुबह प्रार्थना के दौरान कुछ बच्चे विलंब से आए तो उन्होंने उनकी पिटाई करते हुए समय से विद्यालय आने की नसीहत दी। कक्षा पांच की छात्रा अन्नू चौरसिया रोते हुए घर चली गई और घर वालों को लौटने का कारण बताया।
इसके बाद पिता व चाचा सीधे स्कूल पहुंचे और गालीगलौज करते हुए प्रधानाध्यापक को पीटने लगे। मेज पर रखा छात्र पंजिका रजिस्टर भी फाड़ दिया। दूसरे शिक्षकों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। इसके बाद दोनों चले गए। पिटाई से आक्रोशित शिक्षक करीब 12 बजे नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रधानाध्यापक मिठाई लाल की तहरीर पर पुलिस ने छात्रा के पिता हरिकेश चौरसिया व चाचा राजेश चौरसिया के विरुद्ध मारपीट, धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। शिक्षकों के जाने के बाद अन्नू को लेकर उसकी मां शैल चौरसिया कोतवाली पहुंचीं और बेटी के हाथ पर पिटाई के निशान दिखाते हुए शिक्षकों पर आए दिन बेहरमी से पीटने का आरोप लगाया। कोतवाल नंदलाल सिंह ने बताया कि छात्रा पक्ष की शिकायत भी मिली है। छानबीन की जा रही है।