रविवार की रात शहर ही नहीं गांवों में भी झमाझम झमाझम बारिश से मौसम बदल गया। पारा लुढ़कते क्रम में 39.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सोमवार सुबह मौसम सुहाना रहा, मगर दोपहर में धूप निकलते ही हावी हुई उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। इस बीच बादलों की आवाजाही भी बनी रही। वहीं बारिश के पानी से लबालब हुए खेतों को देखकर किसान खुश हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
बरसात होने के साथ ही तापमान में काफी गिरावट दर्ज किया गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 25.5 पर पहुंच गया। जबकि रविवार की रात इस सीजन में सबसे अधिक 39.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
रविवार की रात इस सीजन की सबसे अधिक बारिश से किसानों को राहत मिली है। धान की रोपाई के लिए खेत पानी से लबालब हो गए हैं। सोमवार को दोपहर बाद आसमान से काले बादलों के गायब होते ही उमस भरी गर्मी बढ़ गई।
मौसम विज्ञानी देशराज मीना के मुताबिक धूप-छांव के बीच बारिश के आसार बने हैं। हवाओं की सुस्ती से कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश का क्रम बना रहेगा।