राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अब तकनीकी ज्ञान में भी दक्ष किया जाएगा। कौशल विकास योजना के तहत अनेक पाठ्यक्रमों को प्रारंभ किया जाएगा। प्रमाण पत्र पाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजगार मिलने में आसानी होगी।
जिले में संचालित 38 राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कक्षा नौ से 11 तक नामांकित छात्र-छात्राओं को अब रोजगारपरक शिक्षा दी जाएगी। प्रवीण योजना के तहत पहले चरण में दो राजकीय स्कूलों में प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग और कौशल विकास मिशन में हुए अनुबंध के आधार पर विद्यार्थियों को जॉब रोल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षणदाता का चयन आईटीआई और सेवायोजन कार्यालय की ओर से किया जाएगा। खास यह कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने के बाद विद्यार्थियों का पंजीकरण सेवा योजन पोर्टल पर किया जाएगा। रोजगार में सहयोग के साथ ही स्वरोजगार स्थापित करने की दशा में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा।
राजकीय कॉलेजों में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान बढ़ाने के लिए यह पहल की गई है। इंटर पास करने वाले विद्यार्थियों को रोजगार मिलने में आसानी होगी।
- एसपी द्विवेदी, प्रभारी डीआईओएस