मानधाता नगर पंचायत कार्यालय। ंसवाद
आदर्श नगर पंचायत मानधाता, ढकवा और अंतू में जल्द ही विकास कार्य रफ्तार पकड़ेगा। बजट की दूसरी किस्त दो करोड़ शासन से जारी की जाएगी।
नगर विकास विभाग के विशेष सचिव ने पहले चरण में हुए कार्यों की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद दूसरे चरण में होने वाले विकास कार्य के लिए बजट जारी किया जाएगा।
नगरपालिका के साथ ही जिले में 18 नगर पंचायतें हैं। इनमें ढकवा, अंतू, मानधाता नगर पंचायत को पंडित दीन दयाल आदर्श नगर पंचायत योजना में शामिल किया गया है। यहां के लोगों को बेहतर सुविधाओं एवं संसाधन मुहैया कराने की पहल शुरू कर दी गई है।
स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं इंटरलाकिंग आदि कार्य लगभग पूरा हो चुका है। पहले चरण में तीन करोड़ रुपये का बजट शासन ने स्वीकृत किया था। एक सप्ताह पूर्व नगर विकास विभाग के विशेष सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये नगर पंचायतों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रथम चरण में हुए कार्यों को रिपोर्ट भेजने के लिए निर्देश दिए हैं। तीनों नगर पंचायतों में करीब दो करोड़ रुपये का बजट दूसरे चरण के कार्यों के लिए निर्गत किया जाएगा। नोडल अधिकारी ईओ राकेश कुमार ने बताया कि संबंधित नगर पंचायतों के ईओ को रिपोर्ट की जानकारी दी गई है।