बोर्ड परीक्षा में एप के माध्यम से परीक्षा केंद्र बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया भी फेल साबित हुई है। कॉलेजों के ऑनलाइन लोकेशन देने के बाद भी परीक्षा केंद्र 15 किमी दूर बना दिए हैं। ऐसे ही जिले के 132 कॉलेजों ने आपत्ति प्रस्तुत करते हुए परीक्षा केंद्र मानक के अनुरूप बनाए जाने की मांग की है।
नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से ही बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केेंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू गई थी। विभाग द्वारा सूचना प्रपत्र के जरिए विद्यालयों की आधारभूत सूचनाएं मांगी गई थीं। जिसमें कक्ष, चहारदीवारी, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे सहित केंद्र बनाए जाने संबंधी सभी मानक के कालम दिए गए थे। यह सभी प्रक्रिया ऑनलाइन की गई थी।
इसके अलावा विभाग ने सभी कॉलेजों की लोकेशन भी मांगी थी। यह प्रक्रिया कॉलेजों ने विभाग के विशेष एप पर दी थी। विभाग का दावा था कि ऑनलाइन लोकेशन की प्रक्रिया से निर्धारित परीक्षा केंद्रों से कॉलेजों की दूरी सुविधाजनक रहेगी। मानक के अनुसार छात्रों की परीक्षा केंद्र से कॉलेज की दूरी 10 किमी और छात्राओं की 5 किमी रहेगी।
मगर इस बार परीक्षा केंद्रों से कॉलेज की दूरी निर्धारित करने में विभागीय एप भी फेल साबित हुआ है। दरअसल, विभाग की ओर से जारी परीक्षा केंद्रों की सूची 200 से अधिक आपत्तियां आई हैं। इनमें 132 कॉलेजों ने परीक्षा केंद्र मानक के अनुरूप न बनाए जाने की आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
बालिकाओं के भी परीक्षा केंद्र दूर बना दिए गए हैं। डीआईओएस डॉ. एसके सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने से संबंधित आपत्तियां आई हैं। तहसीलवार एसडीएम इसकी जांच कर रहे हैं। जल्द ही आपत्तियों का निस्तारण होगा।