जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड पर पड़ा लावारिश शव।
- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़। जिला अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी किस कदर संवेदनहीन हो गए हैं इसका अंदाजा बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लगाया जा सकता है। वीडियो में बिहार के एक युवक की लाश चार दिनों से बेड पर पड़े होने और मेडिकल वार्ड में डॉक्टर न होने का आरोप लगाकर मरीज हंगामा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जिस डॉक्टर की ड्यूटी लगी थी, वह मोबाइल बंदकर गायब हो गया। लोग सीएमएस व सीएमओ पर मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मौत के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज का परिजन चिल्ला-चिल्लाकर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को कोस रहा है। उसका आरोप है कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की दशा बदतर है। हर घंटे लोग दम तोड़ रहे हैं। बिहार के एक युवक का शव चार दिन से वार्ड में पड़ा है। जिसे हटाया नहीं जा रहा है। उसी वार्ड में दूसरे मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
इलाज के लिए तड़प रहे मरीजों का दर्द लोगों तक पहुंचाने के लिए परिजन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर मदद की गुहार लगाते रहे। अस्पताल में मरीजों के इलाज की व्यवस्था न होने के लिए सीएमओ व सीएमएस को जिम्मेदार ठहराते रहे। फिलहाल, अस्पताल की व्यवस्था से हर कोई नाराज है। सीएमएस डा. पीपी पांडेय ने बताया कि बिहार के युवक के परिजनों को संदेश भेजा जा चुका है। चार दिन से वार्ड में शव होने की बात गलत है। मरीजों का हरसंभव इलाज करने का प्रयास किया जा रहा है।