the cow house is filled by rain water
- फोटो : PRATAPGARH
मंगरौरा विकास खंड के पडऱीपाल में बरसात का पानी आवारा जानवरों के लिए आफत बन गया है। गोशाला में बरसात का पानी भर जाने से जानवरों के बैठने के लिए जगह नहीं बची है, तो कुछ पशु कीचड़ में फंसे हुए हैं। आलम यह है कि जानवरों के लिए रखा भूसा भी पानी में डूबा हुआ है। आवारा जानवरों को कैद करने के लिए पडऱीपाल में बना गोशाला केंद्र पहली ही बरसात में अव्यवस्था का शिकार हो गया है। बीडीओ, वीडीओ और प्रधान की लापरवाही का आलम यह है कि साल भर बाद भी गोशाला को व्यवस्थित नहीं कर पाए।
सोमवार को हुई बारिश से गोशाला में पानी भर गया। पानी निकलने का रास्ता नहीं होने से जहां पर जानवर बैठते थे, वहां भी पानी भरा हुआ है। जहां पर भूसा रखा हुआ था, वहां भी पानी भर गया है। ऐसेे में गो शाला में रहने वाले जानवरों के लिए यह समस्या खड़ी हो गई है कि वह क्या खाएं और कहां बैठे। आश्चर्य की बात तो यह है कि डेढ़ साल पहले गोशाला में अभी तक जानवरों को रहने और भूसा रखने का उचित प्रबंध नहीं हो पाया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. वीपी सिंह ने बताया कि गोशाला की देखरेख करना बीडीओ और ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है। मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
the cow house is filled by rain water- फोटो : PRATAPGARH