pratapgarh news : शादी समारोह में पिस्टल से हर्ष फायरिंग करते अपना दल एस के नेता पंकज शुक्ला।
- फोटो : prayagraj
सांसद संगमलाल गुप्ता व अपना दल एस के नेता प्रभाशंकर उर्फ पंकज शुक्ला का कोतवाली पुलिस ने आधी रात को शांति भंग में चालान किया। रात में ही उसे जमानत भी मिल गई। पुलिस ने उसके खिलाफ हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज करते हुए रिवाल्वर जब्त कर ली है। कोतवाली में रातभर सत्ता दल के नेताओं का जमघट लगा रहा।
बुधवार को सोशल मीडिया पर रिवाल्वर से फायरिंग करते हुए अद एस के नेता व सांसद संगमलाल गुप्ता के करीब पंकज शुक्ला का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के आदेश पर कोतवाली पुलिस छानबीन करते हुए रात में पूछताछ के लिए पंकज शुक्ला को कोतवाली ले आई। जिसके बाद सत्ता दल के नेताओं का कोतवाली में जमघट लग गया। पंकज को छुड़ाने के लिए हर कोई प्रयासरत रहा। मगर पुलिस अधीक्षक की सख्ती के चलते किसी की दाल न गली।
रात में ही पंकज की रिवाल्वर जब्त कर ली गई। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली वीडियो तीन साल पुराना बताया जा रहा है। सत्ता दल के नेताओं के दबाव में पुलिस ने रात में ही पंकज का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। हैरत की बात यह रात में ही सदर तहसील से जमानत भी मिल गई। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि जांच में वह पुराना वीडियो निकला। मुकदमा दर्ज कर रिवाल्वर जब्त कर ली गई है।
रानीगंज के एक कार्यक्रम में भी हो रही फायरिंग
रानीगंज थाना क्षेत्र के खमपुर दुबेपट्टी का एक वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। जिसमे दोनाली बंदूक से फायर किया जा रहा था। वीडियो में फायरिंग करने वाले को लोग कोटेदार बता रहा है। हालांकि यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है। पुलिस वीडियो की छानबीन कर रही है।