लखनऊ से दो बांग्लादेशी आतंकवादियों को लेकर कोलकाता जा रही पुलिस की स्कॉर्पियो मवई के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में घुस गई। हादसे में स्कार्पियो सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को बाहर निकलवाया। हालांकि स्थानीय पुलिस को उसमें बैठे लोगों के बारे में जानकारी नहीं थी। गाड़ी बाहर निकलने के बाद कोलकाता पुलिस आगे के लिए रवाना हो गई।
नोएडा से पकड़े गए बांग्लादेशी आतंकी मुशर्रफ उर्फ मूसा और रूबेल उर्फ मनीर को कोलकाता पुलिस बुधवार देर रात ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ से कोलकाता जा रही थी। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मवई रेलवे फाटक के पास ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो सामने गड्ढे में चली गई। मामला गंभीर होने के कारण गाड़ी से कोई भी नीचे नहीं उतरा। इधर सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने गाड़ी को खिंचवाकर बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने उसमें बैठे लोगों से नीचे न उतरने का कारण पूछा तो आगे बैठे एक अधिकारी नीचे उतरे और उन्हें उसमें बैठे लोगों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद आगे के लिए रवाना हो गए।