मां चंडिका देवी धाम में बने तालाब में सोमवार की सुबह 69 वर्षीय अनंत बहादुर का शव उतराया मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
अंतू थाना क्षेत्र के संडवा चंद्रिका निवासी अनंत बहादुर गुप्ता काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। वह अपनी पत्नी के साथ घर पर रहते थे। परिवार के लोगों ने बताया कि छह वर्ष पहले अनंत बहादुर को लकवा मार गया था। जिससे आंख से कम दिखाई देता था। रात में कब वह घर से निकले, किसी को भनक नहीं लगी। सोमवार की सुबह घूमने निकले लोगों ने तालाब में शव उतराता देख पुलिस व उनके परिजनों को खबर दी।
तालाब में करीब दस फिट पानी भरा हुआ है। मृतक के एक बेटा और चार बेटी है। बेटा दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता है। पिता की मौत की सूचना के बाद वह घर के लिए निकल पड़ा। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर चिकित्सकों ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया है।