मार्बल व्यापारी हरि गौरव की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से बदमाश तेज निकल रहे हैं। कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह के घर के करीब चेकिंग के लिए पुलिसकर्मियों के तीन बैरियर तोड़ते हुए बाइक सवार युवक सिपाही को टक्कर मारते हुए भाग निकले। उनका पीछा करने का पुलिसकर्मी साहस नहीं दिखा सके।
गंभीर रूप से घायल सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी एस आनंद भागकर अस्पताल पहुंचे। इस घटना से पुलिसकर्मी खौफजदा हैं।
सदर बाजार से कचहरी व बेल्हा देवी मार्ग पर गुजरने वाले बाइक सवार लोगों की चेकिंग करने के लिए कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के आवास के करीब तीन बैरियर लगाकर हर दिन भुलियापुर चेकपोस्ट के प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी सुबह से ही देर रात तक चेकिंग करते हैं। गुरूवार दोपहर पुलिसकर्मी अलग-अलग बैरियर पर तलाशी ले रहे थे। तभी पल्सर बाइक से दो युवक आते दिखे।
आगे चेकिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वे रुकने के बजाय आगे निकल गए। दूसरे बैरियर पर दरोगा दिनेश सिंह व सिपाही डंडा लेकर रोकने के लिए दौड़े लेकिन वे भा निकलेे। बेकाबू बाइक सवार युवकों ने तीसरे बैरियर पर आगे आए सिपाही से बचने के लिए दूसरे दिशा से उन्हें पकडने के लिए मुख्य आरक्षी मोहम्मद जमील लपके लेकिन युवक उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए भुलियापुर की ओर भागे।
अचानक हुई घटना से पुलिसकर्मी सहम उठे। अफसरों को घटना की जानकारी देते हुए घायल आरक्षी जमील को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी एस आनंद, एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्रा दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे।
नगर कोतवाल ने बताया कि सिपाही को टक्कर मारने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। वे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। हालांकि इस बात की भी चर्चा रही कि पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया है।
तैनाती के बाद से ही सशंकित थे जमील
भुलियापुर चेकपोस्ट पर तैनात मुख्य आरक्षी मोहम्मद जमील तैनाती के बाद से ही सशंकित थे। किसी समय वह एसओजी में थे। उस दौरान शातिर बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। वहां तैनाती के बाद वह अपने करीबियों से आशंका जता रहे थे कि कहीं उन पर कोई हमला न कर दे। फिलहाल गुरूवार को हुई घटना के बाद उनके करीबी चर्चा करते रहे।
पुलिस देखते ही बढ़ा दी बाइक की स्पीड
सदर बाजार में चेकिंग कर रहे पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने स्पीड बढ़ा दी। उनके आगे पुलिस की तेजी व्यर्थ चली गई। तीन बैरियर पर असलहे व डंडे के साथ करीब सात सिपाही व दो दरोगा भी मौजूद थे लेकिन किसी की दाल बदमाशों के आगे न गली।
खौफ में दिखे व्यापारी के परिजन
सदर बाजार में मार्बल कारोबारी हरि गौरव को रंगदारी के लिए धमकी मिली है। उनकी सुरक्षा व बदमाशों का मनोबल तोडने के लिए सुबह से ही पुलिसकर्मी सुरक्षा में मुस्तैद हो जाते हैं। गुरूवार को हुई घटना के बाद व्यापारी के परिजन सहम गए। उनका कहना था कि जब पुलिस को बदमाश कुछ नहीं समझ रहे। तो उन लोगों की सुरक्षा कैसेे संभव है।