सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के नंदा का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार शाम नोटिस तामील कराने गए सिपाही गोविंद बाबू पर हथियार से हमला करने वाले आरोपी को रविवार देर शाम पुलिस ने पीपा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।
तिल्हापुर चौकी पर तैनात सिपाही गोविंद बाबू बृहस्पतिवार शाम अपने बीट गांव नंदा का पुरवा गांव में नोटिस तामील कराने गए थे। नोटिस तामील करवाने के बाद वह एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान शराब के नशे में धुत सुग्गन उर्फ ठुर्रु ने उनके ऊपर हंसुआ से हमला कर दिया।
हमले में सिपाही गोविंद बाबू जख्मी हो गए। उनकी तहरीर पर थाने में आरोपी सुग्गन के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। निरीक्षक शेर सिंह वर्मा ने बताया कि रविवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर आरोपी को यमुना नदी पर बने पीपा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है। वह कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर युसुफपुर गांव के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया आला कत्ल हंसुआ भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।