पुलिस अधीक्षक कार्यालय के करीब सड़क पर ही विवाह के लिए एक परिवार ने टेंट लगा दिया। इससे जाम लग गया। इस वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी बीच पुलिस अधीक्षक का वाहन आ गया। आनन-फानन में दूसरे वाहनों को रोककर होमगार्ड के जवानों ने एसपी के वाहन लिए रास्ता साफ करवाया। इसके बाद जाम हटवाने के लिए यातायात के साथ कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हुई।
लोहिया पार्क से पुलिस कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर एक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया गया था। दिन के करीब बारह बजे से इस रूट पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए दोनों ओर मेजें रख दी गईं। इससे वाहनों का आना-जाना ठप हो गया। इससे कोषागार चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। जाम लग गया। पल्टन बाजार से लेकर पुलिस लाइन तिराहा, राजापाल चौराहे से लेकर लोनिवि कार्यालय तक जाम लग गया। इसी बीच पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव का काफिला पहुंच गया। हूटर की आवाज सुनकर चौराहे पर मौजूद यातायात विभाग के सिपाही और होमगार्ड सकते में आ गए। वे दूसरे वाहनों को रोककर कप्तान के वाहन को पास कराने में जुट गए।
वहीं यातायात प्रभारी रवींद्र यादव का कहना है कि सार्वजनिक सड़क को निजी कार्य में इस्तेमाल करने के लिए नगर पालिका के ईओ ने अनुमति पत्र दिया है। इस वजह से वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह का कहना है कि सड़क को वैवाहिक कार्यक्रम में प्रयोग करने के लिए आवेदन पत्र मिला था। इसे यातायात विभाग को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। यह काम यातायात विभाग का है कि किस स्थान पर टेंट लगने से जाम की समस्या पैदा होगी। नपा का लेना देना नहीं है।