सुबह खिली-खिली धूप का मजा लेने वाले गफलत में न रहें, अभी ठिठुरन भरी कड़ाके की ठंड का दौर बाकी है। ऐसा मौसम विशेषज्ञों का मानना है। अगले सप्ताह हवाओं के कश्मीर से चलने वाली ठंडी हवाएं जिले तक आ सकती है, और एक बार फिर ठिठुरन भरी ठंड के गिरफ्त में जिले के लोग आ सकते हैं।
मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को ठंड से राहत अवश्य मिली है। मगर अभी ठंड का वास्तविक स्वरुप देखने को नहीं मिला है। कश्मीर में हो रही बर्फ बारी से एक बार फिर पूरा जिला ठिठुरन भरी ठंड के गिरफ्त में आ सकता है। मौसम विशेषज्ञ देशराज मीना ने बताया कि जल्द ही मौसम में बदलाव आने वाला है। उन्होंने बताया हवाओं के सक्रिय होेने से फिर शीतलहरी और ठिठुरन भरी ठंड के गिरफ्त में बेल्हा आ सकता है। हालांकि शुक्रवार को सुबह की ठंड एक बार फिर बढ़ गई। शुक्रवार को दोपहर में धूप तो निकली मगर मंद-मंद चलने वाली पछुवा हवाएं झकझोरती रही। इससे लोग दिनभर गर्म कपड़े में लिपटे रहे।
ठंड से बच्चे की मौत
कुंडा (ब्यूरो)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के हुलास राय का पुरवा गांव निवासी जियालाल के माह भर के बेटे झम्मा को सर्दी लग गई थी। उसका इलाज कई दिनों से चल रहा था। गुरुवार की रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।