तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी बाघराय से राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय भेजा गया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय नाहर राय निवासी श्रवण कुमार उर्फ सोनू का 17 वर्षीय पुत्र शानू मिश्रा मंगलवार की सुबह पड़ोस के रहने वाले दोस्त 19 वर्षीय आशीष कुमार मिश्रा को लेकर बाइक से कौशाम्बी के चायल गया था। वहां अपना काम निपटाने के बाद घर लौटते समय करीब दो बजे बाघराय के कन्हैयानगर के करीब पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई।
दोनों बाइक में टक्कर इतनी तेज थी कि उनके परखच्चे उड़ गए। जोरदार आवास सुनकर आसपास के लोग व राहगीर दौड़ पड़े। पुलिस को सूचना देने के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से बाघराय सीएचसी ले गए। जांच के दौरान चिकित्सक ने शानू मिश्रा को मृत घोषित कर दिया।
उसके साथी आशीष कुमार व दूसरी बाइक पर सवार जलालपुर निवासी 24 वर्षीय शिवा, 35 वर्षीय विकास व 30 वर्षीय सुभाष को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय रेफर कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही। सीओ सदर करिश्मा गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत सुन बेसुध हो गए मां-बाप
बाघराय थाना क्षेत्र के कन्हैयानगर में हुई दुर्घटना में इकलौते बेटे शानू मिश्रा की मौत की खबर सुन पिता श्रवण कुमार व मां आरती संग बहन श्रद्धा रोते हुए बेसुध हो गई। मृतक के बाबा कृष्ण कुमार ने दूसरे बाइक चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। संवाद