फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किशोर की हत्या कर शव कुएं में फेंका

Sat, 16 May 2015 01:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
कोहंडौर/मकूनपुर। कटारी गांव के उदयराज (17) की पड़ोसियों ने हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। तनाव को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसपी ने जांच के बाद गांव में पुलिस व पीएसी तैनात कर दी। तहरीर मिलने पर सीआरपीएफ के दरोगा समेत आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन


कटारी निवासी उदयराज पुत्र हौसिला प्रसाद यादव गुरुवार शाम शौच के लिए खेत की ओर गया था। वहां पड़ोस के सुरेश समेत कई अन्य लोग भी थे। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर उनके बीच मारपीट भी हुई। सूचना मिलने पर कोहंडौर थाने के दो सिपाही गांव पहुंचे और छानबीन के बाद मारपीट के आरोपी उदयराज को तलाशने लगे, लेकिन वह नहीं मिला। परिजनों ने सिपाहियों को भरोसा दिया कि उसके आते ही वे उसे लेकर थाने आ जाएंगे। घटना को लेकर रात में ही सुरेश की तहरीर पर पुलिस ने उदयराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोप है कि आधी रात को सुरेश पक्ष के दर्जन भर से अधिक लोग उदयराज के घर पहुंचे और उसे खोजने लगे। न मिलने पर परिवार के विनोद यादव व नि:शक्त संत कुमार की पिटाई भी की। शुक्रवार सुबह गांव की महिलाएं परसुपुर स्थित एक कुएं के करीब से गुजरीं तो उसमें लाश देख रुक गईं। शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़ पड़े। लाश मिलने की खबर पर गांव में सनसनी फैल गई।

 इस बात की खबर मिलते ही एसओ राजकिशोर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। कुएं से निकला शव उदयराज का था। यह देख परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे। शरीर पर धारदार हथियार कि गहरे निशान देख परिजन हत्या की आशंका जताने लगे। पुलिस विवाद करने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव, एएसपी पश्चिमी अखिलेश्वर पांडेय, सीओ सिटी एमपी सलोनिया मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन


इस मामले में मृतक के पिता हौसिला प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने झारखंड में तैनात सीआरपीएफ के दरोगा रामअवध वर्मा, फौजी प्रदीप वर्मा, रामकृपाल, सुरेश, रामनिहोर आदि को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। नामजद लोगों को हिरासत में ले लिया गया। सीओ सिटी ने बताया कि छानबीन की जा रही है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कोहंडौर (ब्यूरो)। कटारी निवासी उदयराज की हत्या को पुलिस आशनाई से जोड़कर देख रही है। एसओ राजकिशोर ने बताया कि छानबीन में हत्या के कारणों में आशनाई की बात सामने आ रही है। पुलिस हर बिंदु पर गहराई से छानबीन कर रही है। मृतक के मोबाइल की काल डिटेल भी खंगाली जा रही है कि रात में उसने किससे-किससे बातचीत की थी। देर रात तक वह कहां था।

कोहंडौर (ब्यूरो)। कटारी के एक ग्रामीण की बेटी की गुरुवार को सगाई थी। इसी के चलते परिवार के सभी सदस्य एकत्र हुए थे। सगाई की रस्म भी दिन में हो गई थी। घर पर रिश्तेदारों का जमावड़ा था। घर में तमाम लोगों की मौजूदगी के नाते ही रात में हत्यारोपी पक्ष के लोगों ने उदयराज के घर पर धावा बोला था, लेकिन वह मिला नहीं। परिजनों का आरोप है कि यदि वह मिल गया होता तो वे लोग उसे उसी समय जिंदा न छोड़ते।

मकूनपुर (ब्यूरो)। कटारी निवासी उदयराज यादव का विवाद सुरेश वर्मा के परिवार के लोगों से दो वर्ष पहले भी हो चुका था। उस समय भी सुरेश पक्ष के लोगों ने उदयराज परिवार के लोगों को पीटा था। पुलिस की सक्रियता से दोनों पक्ष शांत हुए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें