किराना व्यापारी से करीब पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला कोई और नहीं बल्कि बदमाश तौकीर है। उसने ही किराना व्यापारी को फोन कर धमकाया है। जिस मोबाइल का प्रयोग मार्बल व्यापारी से रंगदारी मांगने में हुआ। उसी से किराना व्यापारी से भी रंगदारी मांगी गई। हालांकि धमकी के बाद से अंजनी लगातार घर में ही है। दुकान परिवार के सदस्य संभाल रहे हैं।
नगर कोतवाली के सदर बाजार निवासी अंजनी ऊमरवैश्य ने किराने की दुकान खोल रखी है। सोमवार को उसे अंजान नंबर से धमकी मिली। पांच लाख रुपये का इंतजाम करो अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने लगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस मोबाइल से मार्बल कारोबारी हरि गौरव को धमकी मिली थी। उसी मोबाइल का प्रयोग अंजनी से रंगदारी मांगने में हुआ है।
जिसके बाद पुलिस को पक्का यकीन हो गया कि अंजनी से भी तौकीर ने रंगदारी मांगी है। केवल सिम बदल दिया गया। मौजूदा समय में उसका नंबर बंद चल रहा है। हिरासत में लिए गए तौकीर के करीबियों से पूछताछ में लोकेशन आजमगढ़ में मिली थी। उसकी तलाश में पुलिस व एसटीएफ आजमगढ़ पहुंच चुकी है। हालांकि अभी वह हाथ नहीं आया है।