उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से पहले उनकी विधिवत जांच कराई जाएगी। डीएम ने सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में चार सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया है। टीम स्कूलाें में कागजातों और सुविधाओं की जांच करने के बाद जियो लोकेशन के साथ आख्या देगी। इसके बाद ही परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू होगी। सदर तहसील के स्कूलों की जांच के लिए एसडीएम शैलेंद्र वर्मा को अध्यक्ष, तहसीलदार सदर व सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सीडी- प्रथम अश्विनी कुमार को सदस्य और जीजीआई प्रधानाचार्य कुलश्रेष्ठ तिवारी को सदस्य सचिव बनाया गया है।
कुंडा के लिए एसडीएम भरत राम को अध्यक्ष, तहसीलदार कुंडा व सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सीडी-एक संजय राय को सदस्य और राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज महेवा मलकिया प्रधानाचार्य शिवाकांत तिवारी को सदस्य सचिव बनाया गया है। लालगंज के लिए एसडीएम नैंसी सिंह को अध्यक्ष, तहसीलदार लालगंज व सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सीडी-दो परशुराम यादव को सदस्य एवं राजकीय इंटर कॉलेज शेखूपुर प्रधानाचार्य अशोक कुमार को सदस्य सचिव बनाया गया है। पट्टी के लिए एसडीएम तनवीर अहमद को अध्यक्ष, तहसीलदार पट्टी और सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सीडी-दो अनूप वर्मा को सदस्य एवं राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज महुली आसपुर देवसरा प्रधानाचार्य राहुल सिंह को सदस्य सचिव बनाया गया है। रानीगंज के लिए एडीएम रानीगंज को अध्यक्ष, तहसीलदार रानीगंज को सदस्य, सहायक अभियंता प्रांतीय खंड आमोद कुमार श्रीवास्तव को सदस्य व राजकीय इंटर कॉलेज चंदीगोविंदपुर प्रधानाचार्य शशांक कुमार सिंह को सदस्य सचिव बनाया गया है।