चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट और फायरिंग, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। देर रात नगर पंचायत के चुनावी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाले जिला पंचायत सदस्य और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस घटना के बाद से ही हमलावर और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। बारात में हुए बवाल में घायलों का जिला मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के सराय सुल्तानी वार्ड के सुदर्शन यादव के बेटे रोहित की बारात सोमवार की रात बांसी आधारगंज के छैल बिहारी यादव के घर गई थी। इसमें पड़ोसी परिवार के आम आदमी पार्टी से जुड़े अजीत यादव व छोटा भाई रंजीत यादव और अन्य लोग शामिल हुए थे। अजीत ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि जिला पंचायत सदस्य आशीष यादव उर्फ योगी सहित 12 अज्ञात साथियों के साथ उस जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर किया। उसके झुकने से गोली नहीं लगी तो उन्होंने उसके भाई रंजीत यादव को तमंचे के बट से बेरहमी से पीटा। एसओ सर्वेश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर दोनों पक्ष ने की थी दावेदारी
रानीगंज। थाना क्षेत्र के सरायसुलतानी वार्ड के आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी अजीत यादव की चाची प्रभावती देवी अध्यक्ष पद की प्रत्याशी थी। वहीं इसी वार्ड की आरोपी जिला पंचायत सदस्य की मौसी सुनीता देवी ने भी आजाद समाज पार्टी कांशीराम से अध्यक्ष पद का चुनाव लडा था। हालांकि दोनों ही उम्मीदवार चुनाव हार गए थे। लेकिन इस चुनाव को लेकर उनमें तनाव जरूर था, जिसको लेकर आरोपित बारात में हमलावर हो गए थे। संवाद