सड़क हादसे में घायल होने वाले लोगों की जान अब इलाज के अभाव में नहीं जाएगी। हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस तत्काल अस्पताल पहुंचाएगी। शासन ने इसके लिए जिले के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में 24 घंटे एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया है। सीएमओ और एसपी को ऐसे स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिए गए हैं जहां दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं। इसके बाद यहां 24 घंटे एक एंबुलेंस खड़ी रहेगी।
जिले में कई ऐसे स्थान हैं जहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। समय से इलाज न होने के कारण घायलों मौत भी हो जाती है। कारण यह है कि हादसे के बाद खुद को किसी पचड़े में पड़ने से बचाने के लिए अन्य वाहन चालक घायलों को अपनी गाड़ी में नहीं बैठाना चाहते हैं। घायल तड़पता रहता है स्थानीय लोग देखते हैं तो एंबुलेंस को जानकारी देते हैं। एंबुलेंस को पहुंचने में समय लग जाता है। इन सब दिक्कतों को देखते हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य ने प्रतापगढ़ जनपद के ब्लैक स्पॉट दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में 24 घंटे एंबुलेंस खड़ी करवाने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया है। सीएमओ को पत्र भेजकर एसपी या फिर यातायात पुलिस के सहयोग से दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं सीएमओ यूके पांडेय का कहना है कि शासन की ओर से पत्र आया है। जिसमें दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था करने की बात कही गई है। एसपी को पत्र भेजकर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र को चिंहित करने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट मिलते ही एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।