सांगीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पहुंची पुलिस। संवाद
सांगीपुर के चिचिहरा गांव की घटना, परिजनों में कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगीपुर। घर के भीतर संदिग्ध दशा में विवाहिता की मौत हो गई। परिजन मौत की वजह करंट लगना बता रहे हैं, जबकि ससुराल पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पति मर्चेंट नेवी में तैनात है और मौजूदा समय में विदेश में है।
उदयपुर थाना क्षेत्र के रेहुआ लालगंज शुक्लन का पुरवा निवासी सुरेश शुक्ला की बेटी अनु (30) का विवाह सांगीपुर इलाके के चिचिहरा निवासी सर्वेश तिवारी के साथ दस वर्ष पहले हुआ था। पति सर्वेश मर्चेंट नेवी में तैनात है और इन दिनों ड्यूटी पर विदेश गया हुआ। रविवार की सुबह सात बजे ससुराल में संदिग्ध दशा में अनु में घर के भीतर मौत हो गई। आननफानन परिजन उसे सांगीपुर सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि काम करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हुई है। जबकि मायके पक्ष के लोग विवाहिता की हत्या का आरोप लग रहे हैं। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। विवाहिता की मौत के बाद उसके दोनों बेटे राजवीर (8) व श्रीत (4) का रो-रोकर बुरा हाल था। सांगीपुर एसओ मनोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।