जिला पंचायत की बैठक में शुक्रवार को उपेक्षा को लेकर विरोध जता रहे सदस्य पवन सरोज की कुछ लोगों ने पिटाई करते हुए सदन से बाहर कर दिया था। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर जिपंस के समर्थक सोमवार को आंबेडकर चौराहे पर एकत्र होकर इंसाफ की मांग करेंगे।
जिला पंचायत सदस्य पवन सरोज ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से आंदोलन को कामयाब बनाने व इंसाफ के लिए संघर्ष में साथ देने का आह्वान अपने समाज के लोगों संग समर्थकों से किया है। उन्होंने कहा है कि सामंतवादी ताकतों द्वारा उनके साथ अमानवीय कृत्य किया गया।
संविधान में मिले अधिकार को लेकर क्षेत्र की समस्या उठाए जाने पर दलित समाज के सदस्य के ऊपर जुल्म किया गया। प्रशासन भी कार्रवाई नहीं कर रहा। इंसाफ की इस लड़ाई में 13 जनवरी को सभी समर्थक आंबेडकर चौराहे पर पहुंचे। इसकी जानकारी होने पर पुलिस अफसर पवन सरोज से बातचीत करने की कोशिश में जुट गए लेकिन आंदोलन स्थगित करने की बात नहीं बनी।