बारात से घर लौटते समय ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। सूचना के बाद भी पुलिस लापरवाह बनी रही। खबर मिलने पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
सुलतानपुर जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी बृजेश वर्मा (22) पुत्र दयाराम अपने भाई रोहित वर्मा (19) के साथ मंगलवार को बाइक से कंधई थाना क्षेत्र के शिवगढ़ कोनी में बारात में शामिल होने आया था। बारात में शामिल होने के बाद दोनों भाई रात करीब 11.30 बजे बाइक से ही घर लौट रहे थे। चिलबिला-मदाफरपुर रोड पर कोनी गांव के करीब मदाफरपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के साथ ही ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पहिया दूर जा गिरा। बाइक के परखचे उड़ गए। घटना के बाद बृजेश कुछ दूरी पर गड्ढे में गिर गया। सिर में गहरी चोट लगने से वह बेहोश हो गया था। राहगीरों ने रोहित के मोबाइल से घरवालों को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस तमाशबीन बनी रही। काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिजन रोहित को लेकर सुलतानपुर निजी अस्पताल पहुंचे।
जहां होश में आने पर रोहित ने भाई बृजेश के बारे में जानकारी दी। बदहवास परिजन फिर रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। खोजबीन के बाद खून से लथपथ बृजेश झाड़ी के बीच गड्ढे में मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। यह देख परिजन बिलखते हुए बेसुध हो गए। आखिरकार कंधई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोजना भी न समझा मुनासिब
कोनी के करीब ट्रैक्टर व बाइक की भिड़ंत की खबर मिलने के बाद कोहड़ौर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल देखने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाना भी बेहतर नहीं समझा। टक्कर के बाद झाड़ी में गिरे बृजेश को खोजना तो दूर की बात थी। जिससे घायल रोहित व बृजेश तड़पते रहे। खबर भेजे जाने तक मृतक पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।