सुखपाल नगर पीएचसी जल्द ही उच्चीकृत होगा। तीन बेड की जगह इस पीएचसी को तीस बेड का बनाया जाएगा। हाईवे किनारे 30 बिस्तरों का अस्पताल बनने से दो नगर पंचायत समेत आसपास के 50 से अधिक गांवों के लोगों और राहगीरों को सहूलियत मिलेगी।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे व राजगढ़-गोड़े बाईपास के पास सुखपाल नगर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन हो रहा है। ब्लाॅक स्तरीय पीएचसी होने की वजह से यहां 24 घंटे चिकित्सक मौजूद रहते हैं। मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाता है। बेड की संख्या कम होने के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ता है।
इस समस्या को देखते हुए पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने शासन को पत्राचार कर पीएचसी को सीएचसी का दर्जा दिलाकर उच्चीकृत कराने की मांग की थी। शासन ने अब अपनी अनुमति दे दी है। सीएमओ डाॅ. एएन प्रसाद ने बताया कि शासन ने जमीन चिह्नित कर पीएचसी के स्थान पर सीएचसी बनाने का प्रस्ताव मांगा था।
शासन के पास प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि जनवरी से सुखपाल नगर में सीएचसी का निर्माण शुरू हो जाएगा। तब यहां के लिए 30 बेड के अस्पताल की सुविधा मिलेगी। संवाद