परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार तीन छात्रों को कार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान एक छात्र की मौत हो गई। जबकि दो छात्रों का इलाज प्रयागराज में चल रहा है।
मानधाता थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी अंकित साहू (19), जेठवारा के स्वरूप नगर का राहुल पटेल (20) और गुलशन मौर्य (19) बृहस्पतिवार को परीक्षा देने इस्लामिया इंटर काॅलेज रामपुर बजहा गए थे। तीन बाइक से घर आ रहे थे। हिंदूपुर के समीप कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। स्थानीय लोगों ने कार सवार को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे परिजन छात्रों को इलाज के लिए प्रयागराज स्थित अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान देर रात अंकित साहू की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार को घर पहुंचा। अंकित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता किसान हैं। हादसे में घायल राहुल पटेल का पैर दो जगह से टूट गया है और गुलशन मौर्य के हाथ पैर में गंभीर चोट आई है। दोनों का इलाज प्रयागराज स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि कार को सीज करने के बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।