एमडीपीजी कॉलेज के जोगापुर स्थित वाणिज्य संकाय में बीकाम की छात्रा के साथ कक्षा में एक छात्र ने छेड़खानी की। जिसे लेकर कॉलेज में हंगामा हो गया। शिकायत के बाद शिक्षक आरोपी छात्र को खोजने लगे, लेकिन वह भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने के बाद आरोपी छात्र के पिता को बुलाया है।
शहर के एमडीपीजी कॉलेज की जोगापुर में कामर्स की कक्षाएं संचालित होती हैं। गुरुवार दोपहर बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा क्लास लेने के लिए अपने शिक्षण कक्ष में मौजूद थी। आरोप है कि कॉलेज में पढ़ने वाला बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र अपने साथियों के साथ छात्रा के कक्षा में पहुंचा। छात्र उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर धमकी भी दी। हालांकि छात्र की हरकतों को देख दूसरे छात्र व छात्राओं ने विरोध करते हुए मामले की जानकारी शिक्षकों को दी।
इसे लेकर छात्र हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने के बाद शिक्षक आरोपी छात्र की तलाश में निकले लेकिन तब तक वह भाग चुका था। पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी छात्र करीब एक माह से उसके साथ अश्लील हरकतें कर रहा है। उसे कई बार समझाने का भी प्रयास किया लेकिन उसकी शरारत बंद नहीं हुई। मामले की जानकारी मिलते ही भंगवाचुंगी चौकी प्रभारी दलबल के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे। छात्रा से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी छात्र की खोजबीन करने लगी, लेकिन वह नहीं मिला।
चौकी प्रभारी ने बताया कि उसके पिता को बुलाया गया है। घटना से सहमी छात्रा को शिक्षक ने घर तक पहुंचाया। विभागाध्यक्ष डा. सीएन पांडेय ने बताया कि छात्रा का शिकायती पत्र मिला है। एंटी रोमियो दल को मामले की जानकारी दी गई है। प्रकरण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।