वाराणसी में मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे नीतेश मिश्रा (20) की मंगलवार की रात मकान की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम गया। रोते-बिलखते परिवारीजन वाराणसी रवाना हो गए। बुधवार को वाराणसी में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर अठगवां निवासी धर्मेंद्र मिश्रा पत्रकार हैं। उनका इकलौता बेटा नीतेश मिश्रा वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड में किराये के मकान में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। मंगलवार की रात वह किसी काम से मकान की तीसरी मंजिल पर गया था। इस बीच रेलिंग पर बैठकर मोबाइल देखने लगा। अचानक छत से वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में साथियों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान नीतेश की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे के मौत की खबर सुनते ही परिजन रोते बिलखते वाराणसी रवाना हुए। अस्पताल में इकलौते बेटे का शव देख माता-पिता बेहोश हो गए।परिवार के लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर नीतेश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।