कोतवाली के सलेमभदारी के पास बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।
महेशगंज थाना के राजापुर बिंधन निवासी लवलेश त्रिपाठी का सोलह वर्षीय बेटा आदर्श त्रिपाठी रविवार को पड़ोसी गांव परियावां के रहने वाले सहपाठी ओम शुक्ला के साथ बाइक से लालगंज स्थित आइंस्टीन पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ का रिपोर्ट कार्ड लेने आया था। वापस लौटते समय लालगंज-बाबूगंज मार्ग पर सलेम भदारी में राइसमिल तिराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में राहगीरों ने घायलों को लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आदर्श त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे छात्र ओम की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर रोते बिलखते परिजन ट्रामा सेंटर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी पर विद्यालय के शिक्षक विनय मिश्र, रामसुंदर तिवारी, शैलेंद्र कुमार व आशीष भी ट्रामा सेंटर पहुंचे।