टेंट के पाइप में उतरे करंट से गई छात्र की जान
शादी समारोह संपन्न होने के बाद टेंट खोलते समय हुआ हादसा
लालगंज। टेंट की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से छात्र की मौत हो गई। उसकी मौत पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।लालगंज कोतवाली के हुलासगढ़ गांव निवासी रज्जन का 13 वर्षीय बेटा शिवा सरोज गांव के पास ही एक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार की देर शाम गांव में आयोजित एक शादी समारोह के समाप्त होने के बाद टेंट खोला जा रहा था। शिवा टेंट की पाइप पकड़कर खड़ा था। लोहे की पाइप खोलते समय ऊपर से गुजरे एलटी लाइन के तार से छूने के बाद अचानक करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। शिवा का पिता रोजी रोटी के सिलसिले में पुणे में रहते हैं। पिता के इंतजार में परिजनों ने शव को घर पर ही रखा हुआ है। घटना की जानकारी से कोतवाली पुलिस ने इंकार किया है। प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।