पट्टी (ब्यूरो)। आसपुर देवसरा इलाके के ढखवा बाजार में ट्रैक्टर की चपेट में आकर कक्षा आठ के छात्र की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। रोते-बिलखते परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुली गांव निवासी रवी मौर्य (14) पुत्र श्रीराम मौर्य समीप के ही पहुरा गांव स्थित विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। स्कूल में भोजन का अवकाश होने पर वह घर आया था। दोबारा विद्यालय जाते समय उसकी साइकिल ढखवा बाजार में ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पहचान होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। घरवाले रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।