रामपुर-संग्रामगढ़ विकासखंड के पूरे रामचंद्र में रोड किनारे बैठे आवारा मवेशियों का झुंड। संवाद
खून के आंसू रो रहे किसान, बैरिकेडिंग व रतजगा भी नाकाफी
फोटो21, 22
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। किसानों की धान समेत अन्य फसलों को आवारा मवेशी अपना निवाला बना रहे हैं। शिकायतों के बाद भी अफसर मौन हैं। इसके चलते कई गांवों के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। फसलों की सुरक्षा के लिए रतजगा व बैरिकेडिंग के प्रबंध भी नाकाफी साबित हो रहे हैं।
रामपुर-संग्रामगढ़ विकास खंड में सैकड़ों आवारा मवेशियों के झुंड कई गांवों में फसलों को बर्बाद कर दे रहें हैं। रात दिन डेरा जमाए मवेशी पूरे रामचंद्र समेत जूड़ापुर, दरिहट, लखरैया, नेकनामपुर, अनेहरा गांव के किसानों की धान की फसल को नष्ट कर रहे हैं। यह झुंड जिस भी गांव में पहुंचता है, वहां फसलों को चट कर जाता है।
किसानों ने लगातार खेतों के चारों ओर तार, बांस, रस्सी आदि से बैरिकेडिंग की है, और रखवाली के लिए रात भर लाठी-डंडे लेकर रतजगा भी कर रहे हैं। फिर भी मवेशियों की समस्या से निजात नहीं मिल पा रहा है। किसान बीडीओ, एसडीएम व तहसीलदार से शिकायत करके थक चुके हैं। कई बार ऑनलाइन शिकायत भी की गई, लेकिन किसी ने समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।
...
शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट एडीओ व सचिव की आख्या के आधार पर की जाती है। यहां मवेशियों के झुंड की जानकारी नहीं थी, अब हुई है, शीघ्र ही उन्हें गोशाला भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
- एके सोनकर, बीडीओ, रामपुर-संग्रामगढ़
...
शिकायत निस्तारण की लगा दी झूठी रिपोर्ट
लालगंज। आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए शासन ने बीडीओ को जिम्मेदारी दी है। अफसर झूठी रिपोर्ट लगाकर शासन को गुमराह कर रहे हैं। पूरे रामचंद्र निवासी धर्मेंद्र बहादुर सिंह, अजय प्रताप, गया प्रसाद मौर्य ने बताया कि उन्होंने समस्या को लेकर कई बार ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। समस्या निस्तारण कर दिए जाने का झूठा मैसेज मोबाइल पर आ जाता है, लेकिन मवेशियों की संख्या कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है।
....
मवेशियों के हमले में घायल हो चुके कई ग्रामीण
लालगंज। मवेशियों का झुंड दिनभर फसल चरने के बाद रात में सोने के लिए गांवों में आ जाते हैं। मवेशियों को भगाने का प्रयास कई ग्रामीण घायल हो चुके हैं। पूरे रामचंद्र निवासी मोहन निर्मल, मोनू यादव, दरिहट के राम दुलारे समेत अलग-अलग गांवों के आठ लोग मवेशियों के हमले में घायल हो चुके हैं।