सीओ सिटी करेंगी जांच, शिकायत पर आरोपियों को फटकार लगाकर लौट गए थे दरोगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संडवाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के एआरटीओ कार्यालय के पास शुकुलपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ हुई छेड़खानी की घटना को दरोगा ने गंभीरता से नहीं लिया। शिकायत पर आरोपियों को फटकार लगाकर लौट गए। अब मामले की जांच सीओ सिटी करेंगी।
शुकुलपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखकर छात्राएं पैदल अपने घर जा रही थीं। आरोप है विद्यालय से कुछ दूर पर बगल गांव के ही रहने वाले युवकों ने उनके साथ छेड़खानी की। स्कूल के शिक्षक कुंवर बहादुर ने मामले की जानकारी अंतू पुलिस को दी। शुक्रवार को अंतू थाने के एआरटीओ चौकी प्रभारी श्याम सुंदर पीड़ित छात्राओं एवं आरोपियों के घर गए। बातचीत के बाद आरोपियों को फटकार लगाई। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अफसरों ने अंतू पुलिस को फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस साक्ष्य संकलित करने लगी। सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता ने बताया कि वह शनिवार को खुद छात्राओं का बयान दर्ज करेंगीं। घटना की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।