स्टेडियम में अभ्यास करते खिलाड़ी। संवाद
जिले में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से स्टेडियम प्रशासन विशेष संपर्क अभियान चलाएगा। यह अभियान जुलाई में शुरू होगा। स्टेडियम के प्रशिक्षक आसपास के सरकारी व निजी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराएंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल प्रतिभाओं की पहचान करना व उन्हें स्टेडियम में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं से जोड़ना है। प्रशिक्षक विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसके अलावा खेल प्रोत्साहन समिति की ओर से जागरूकता पोस्टर भी जारी किए जाएंगे। इन पोस्टरों के माध्यम से खेलों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक लाभों की जानकारी दी जाएगी। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास होगा।