गांव की छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विकास खंड स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाले बच्चों को जनपदीय और प्रांतीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
गांव के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए भारत सरकार ने ‘खेलो इंडिया’ योजना प्रारंभ की है। इस योजना के तहत जिले के प्रत्येक विकास खंडों में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। छह एकड़ जमीन में निर्मित होने वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये मिलेंगे। इसी स्टेडियम में प्रतिवर्ष खेल की विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जो बच्चे ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाएंगे, उन्हें जिला, मंडल और प्रांत स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में खेलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। फिलहाल जब तक स्टेडियम का निर्माण नहीं हो जाता है, तब तक जिला युवा कल्याण अधिकारी अपने कर्मचारियों को भेजकर प्रत्येक ब्लाक में खेल प्रतियोगिता आयोजित करेंगे। चालू वित्तीय वर्ष में होने वाली प्रतियोगिता के लिए अभी कोई बजट नहीं आया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि अधिकारियों का आश्वासन मिला है, जल्द ही बजट मिल जाएगा।