खेल निदेशालय एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्टेडियम में जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद खेल मैदान की पिच पर उतरकर बैटिंग की।
आठ जुलाई तक प्रतियोगिता में हर दिन होने वाले मुकाबले में खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। शुभारंभ के मौके पर भाजपा के मीडिया प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला, दहिलामऊ दक्षिणी सभासद तुषार दत्त मिश्रा, पूर्व बीडीओ एसपी सिंह एवं पूर्व कर्नल देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला स्टेडियम रेड और स्टेडियम ब्लू के बीच खेला गया। जिसमें स्टेडियम रेड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 124 रन का स्कोर खड़ा किया। स्टेडियम रेड की तरफ से आदित्य ने 27 और विराट ने 22 रनों का योगदान दिया। स्टेडियम ब्लू के पर्व तिवारी ने तीन और शौर्य मान ने दो विकेट चटकाए।
जवाब में स्टेडियम ब्लू की टीम ने 19.5 ओवरों में 126 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अनिकेत ने 28 और आयुष ने 22 रनों का योगदान दिया। स्टेडियम रेड के आयुष्मान और विराट ने दो-दो विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच पर्व तिवारी रहे। बारिश के कारण दूसरा मुकबला निरस्त कर दिया गया।