प्रदेश सरकार के फैसले के विरोध में मंगलवार को सपा नेताओं ने पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी की। कलक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मुस्तैद रही।
महिला सभा की जिलाध्यक्ष शांति सिंह और मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष शिवबहादुर यादव ‘’गुड्डू’’ के नेतृत्व में सपा कार्यालय से नेताओं ने पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। सरकार की नीतियों के विरोध में हुंकार भरी। कहा कि सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। सभी रसोइयों को फिर से बहाल किया जाए।
मनरेगा मजदूरों को वर्ष में 300 दिनों का कार्यदिवस व छह सौ रुपये मजदूरी मिले। श्रम पोर्टल को तत्काल खोला जाए। पुराने श्रम कानूनों को बहाल करते हुए नए श्रम संहिता को समाप्त किया जाए। पुलिस दलित व अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न बंद करे। इस मौके पर जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, अश्वनी सोनी, गुलफाम खान, निसार अहमद, डाॅ.रामबहादुर पटेल, मनीष पाल, मानवेंद्र पटेल, अहमद अली, अब्दुल हई, देवी लाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।