धूप से झुलस रही त्वचा, पसीने से हो रहा फंगल इंफेक्शन
- मेडिकल कॉलेज के ओपीडी में प्रतिदिन पहुंच रहे औसतन बीस मरीज
प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग के ओपीडी में गर्मी के साथ फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। तेज धूप की वजह से जहां शरीर की त्वचा झुलस रही है। वहीं पसीना होने की वजह से लोग संक्रमण से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे में चिकित्सक लोगों को धूप से बचाव करने और खुद क्रीम या दवा न लेने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी में बैक्टीरियल और मौसम जनित बीमारियां पनपनी शुरू हो गई हैं। मेडिकल कॉलेज में उल्टी-दस्त, डायरिया, पीलिया ही नहीं, त्वचा रोगियों की संख्या भी बढ़ गई है। मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित पांडेय के मुताबिक तेज धूप और धूल लोगों की त्वचा को नुकसान पहुंचा रही है। त्वचा की ऊपरी सतह जलने के कारण गर्दन, हाथ, चेहरे पर एलर्जी हो रही है। इसकी वजह सीधे धूप के संपर्क में आना है। डॉ. पांडेय ने कहा कि पानी की कमी के कारण त्वचा शुष्क हो रही है। शरीर पर लाल सफेद चकत्ते हो रहे हैं। शरीर से निकलने वाले पसीने के कारण फंगल इंफेक्शन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अबतक ओपीडी में इस तरह के जहां दिन भर में दो से तीन मरीज आते थे, वहीं इन दिनों औसतन 20 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. आरजू मिश्र ने बताया कि बदलता मौसम त्वचा के लिए नुकसानदायक है। इस मौसम में धूप से बचें। त्वचा के संक्रमण होने की आशंका इस मौसम में बढ़ जाती है। वहीं, पसीने से संक्रमण बढ़ जाता है। गर्मी में त्वचा की देखभाल के लिए किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। बिना विशेषज्ञ की सलाह लिए बिना त्वचा रोग को लेकर दवाई न लें। नारियल का तेल इस्तेमाल करें। बच्चों के शरीर पर कोई दाग, लाल दाने होने पर किसी भी तरह की क्रीम का प्रयोग न करें।
इनसेट -
बचाव के उपाय-
सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक घर से बाहर निकलने से बचे
बहुत जरूरी होने पर यदि बाहर निकल रहे हैं तो शरीर को ढककर रखे
सूती व ढीले कपड़े को पहने
मौसमी फल खाएं, ओआरएस का घोल पीएं
संभव हो तो दिन में दो बार गुड़ खाएं, पानी पीएं
खीरा, तरबूज और खरबूजा को खूब खाएं
.............................
राहत: मानधाता पीएचसी में लगा वाटर कूलर पंप
मानधाता। मानधाता पीएचसी में मरीजों के सहूलियत के लिए वाटर कूलर पंप लगा दिया गया है। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को गर्मी के दिनों में शुद्ध और शीतल जल मिल सकेगा। यह वाटर कूलर पंप संध्या राय भट्ट के स्मृति में लगाया गया है। सीएचसी अधीक्षक विकास दीप ने वाटर कूलर पंप का शुभारंभ किया।