जीएसटी की चोरी करके मालामाल होने वालों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी का दौर मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कोंहडौर, पट्टी और रानीगंज के आठ प्रतिष्ठानों पर छापा मारा गया। टैक्स चोरी का मामला पकड़ने पर 3.20 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर वसूला गया।
जीएसटी की चोरी करके विभाग की आंख में धूल झोंकने वालों पर कार्रवाई का दौर जारी है। वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने कोहंडौर, पट्टी और रानीगंज के आठ प्रतिष्ठानों टैक्स चोरी का मामला पकड़ा गया है।
इन प्रतिष्ठानों के संचालकों ने विभाग में पंजीकरण कराया है और अपनी आमदनी बेहद कम दिखाकर टैक्स भरने से हाथ खड़ा कर दिए थे। इसमें अधिकांश कबाड़ी, पटाखा कारोबारी और जनरल स्टोर के दुकानदार हैं। कोहंडौर बाजार में एक कबाड़ी के प्रतिष्ठान पर जब वाणिज्य कर विभाग की टीम पहुंची, तो पहले वह अपनी आमदनी बताने को तैयार नहीं था। मगर अफसरों ने जब कसना शुरू किया, वह टैक्स चोरी को स्वीकार करते हुए जुर्माना देने को राजी हो गया।
पट्टी और कोहंडौर में पटाखा कारोबारी और किराना कारोबारी के दुकान में दबिश देकर दुकानदारों की नींद उड़ा दी है। एसआईबी की टीम ने आठ दुकानदारों से 3.20 लाख रुपये जुर्माना के तौर पर वसूला है। असिस्टेंट कमिश्नर दिव्या त्रिपाठी ने बताया कि छापा और जांच का क्रम जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि टैक्स की चोरी करने वालों की सूची तैयार हो गई है। सूची में शामिल लोगों के यहां छापा मारकर जांच की जाएगी।