कार टक्कर से शटरिंग कारोबारी की मौत
- चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा, प्रयागराज जाते समय कोटवा गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबागंज। महेशगंज के कोटवा में बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार शटरिंग कारोबारी की मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते पहुंचे। घटना से आक्रोशित लोग कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र बाबूराय जहांपुर के रहने वाले सुनील सिंह उर्फ मुन्नू सिंह (50) प्रयागराज में रहकर पढ़ने वाली बेटी रिया सिंह से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को बाइक से निकले। महेशगंज के झींगुर गांव के कोटवा के पास ग्राम सभा की कोटवा गांव के पास बेकाबू कार सुनील सिंह की बाइक में टक्कर मारते हुए पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। जबकि मौके पर ही सुनील की मौत हो गई। हादसे में कार सवार कानपुर के रहने वाले अतुल सरोज व अतुल कुमार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची महेशगंज पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर में परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा करने लगा। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे उपजिला अधिकारी कुंडा भरत राम यादव, लालगंज थानाध्यक्ष अवन दीक्षित, संग्रामगढ़ एसओ सत्येंद्र कुमार भदौरिया भी पहुंचे। झींगुर की प्रधान के पति राम कृष्ण तिवारी की मदद से हंगामा शांत कराया। सुनील की पत्नी मंजू देवी, बेटे शिवम सिंह, बेटी रिया सिंह व रोली पिता के शव से लिपटकर रोती बिलखती रहीं। पुलिस तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
इनसेट
दिन में मिट्टी ढुलाई के कार्य पर रोक लगाने की मांग
उपजिलाधिकारी कुंडा भरत राम यादव को ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन होने वाले हादसे के पीछे गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण है। डंपर चालक मिट्टी ढोते समय तेज रफ्तार से चलते हैं। जिससे हादसे होते हैं। दिन में मिट्टी ढुलाई का कार्य बंद होना चाहिए।