कोरोना महामारी में दो दिन के लॉकडाउन का प्रशासनिक आदेश बेअसर साबित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानदार शासन के आदेश की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बाजारों में पुलिस की तैनाती नहीं होने से भी दुकानदार मनमानी पर उतारू हैं।
शनिवार को ढिंगसव, हरनाहर, रानीगंज कैथौला, वर्मा नगर, साहबगंज आदि बाजारों में कई दुकानें खुली रहीं। पुलिस के पहुंचते ही दुकानदार शटर गिरा देते। जैसे ही पुलिसकर्मी हटते फिर दुकानें खोल दी गईं।
कई बाजारों में दुकानों के सामने संचालक कुर्सी लगाकर बैठे रहे। कई जगहों पर आधा शटर खोलकर सामानों की बिक्री की जाती रही। पुलिस बाजारों में सिर्फ दुकानें बंद रखने की मुनादी कराने की औपचारिकता कर लौट गई।
बाइक चोर को छोडने की तैयारी
दलालों के दबाव में आई खाकी बाइक चोर पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। अब उसे छोडने की चर्चा भी शुरू हो गई है। पूछताछ के नाम पर आरोपी व उसके साथियों को चार दिन से हिरासत में रखा गया है। पुख्ता सबूूत होने के बाद भी उसे जेल नहीं भेजना खाकी की साख पर सवाल खड़े कर रहा है।
लालगंज कस्बे में हनुमान मंदिर के सामने स्थित एक व्यवसायी के प्रतिष्ठान के सामने से पखवारे भर पहले एक बाइक चोरी हो गई थी। बाइक चोर की तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। बीते पंद्रह जुलाई को चोरी का आरोपी उसी दुकान के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा मिला। व्यापारियों ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी सगरासुंदरपुर इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने बाइक चोर के आधा दर्जन साथियों को पूछताछ के लिए उठा लिया। चार दिनों से बाइक चोर व उसके साथियों को पूछताछ के लिए कोतवाली में रखा गया है। बाइक चोर को जेल भेजने में हीलाहवाली पर दलाल उसे छुड़ाने के लिए कोतवाली में डट गए हैं। इस बारे में सीओ जगमोहन सिंह से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन काल रिसीव नही हुई।
अधिशाषी अधिकारी को मिला कोरोना वारियर्स सम्मान
नगर पंचायत कार्यालय पर शनिवार को कोरोना महामारी में प्रबंधों व बचाव के लिए प्रभावी भूमिका का निर्वहन करने पर ईओ सभाषचंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। सभासदों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अधिशाषी अधिकारी को कोरोना वारियर्स के रूप में सम्मानित किया। नगर पंचायत की चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी, प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी व विधायक मोना के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कोरोना वारियर्स के रूप में सम्मानित होने पर ईओ की सराहना की। इस मौके पर सभासद रमेश कौशल, मो. मुकीम, करुणाशंकर दुबे, सोनू शुक्ला, संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल तिवारी महेश, विकास तिवारी आदि मौजूद रहे।
निराश्रित महिलाओं को मिली आर्थिक सहायता
क्षेत्र के इटौरी में ध्वनि हेल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में 58 निराश्रित व गरीब महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। फाउंडेशन के निदेशक व समाजसेवी अलोक मिश्र ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देते हुए कहा कि गरीबों की सेवा करने से बड़ा पुण्य का काम दूसरा कोई नहीं हो सकता। मिश्र ने कहा कि ध्वनि फाउंडेशन गरीबों को हर प्रकार से सेवा करेगी। समाजसेवी मिश्र ने कहा कि आर्थिक सहायता देने का उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है। इससे पहले भी ग्रामीणों को लंच पैकेट, मॉस्क, सैनिटाइजर आदि देकर मदद पहुंचाई गई है। आलोक मिश्र ने बताया कि कई महीनों से निराश्रित महिलाओं को प्रतिमाह पांच सौ रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही उनकी हरसंभव मदद की जा रही है। इस मौके पर ग्राम प्रधान बृजकिशोर मिश्र, शिवम द्विवेदी, जयेश, सोमेश शुक्ला, पूर्णिमाकांत मिश्र, मो. सईद, आशिक अली, धीरज मिश्र, रामनयन वर्मा आदि मौजूद रहे।
खाद्यान्न नहीं बांटने पर कोटेदार की शिकायत
भवराम बोझी के कोटेदार पर राशन नहीं बांटने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम बीके प्रसाद को दिए शिकायती पत्र में कहा गया है कि भवराम बोझी के अर्जुन का पुरवा में दो माह से राशन का वितरण नहीं किया गया। यहीं नही ग्रामीणों के बीच वितरण के लिए आया चना भी नहीं दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरत से लेते हुए एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच सौंपी है। लेकिन ग्रामीणों को आरोप है कि पूर्ति विभाग जांच करने में लीपापोती कर देता है। इस मौके पूर्व प्रधान दयाराम वर्मा, शिवरतन, जग्गी देवी, पूनम, आशा देवी, धनपति आदि मौजूद रहे।