संगीनों के साए में कोटे का चुनाव कराया गया। भारी संख्या में जुटे ग्रामीणों के साथ ही पीएसी के साथ ही पुलिस के अफसर मौजूद रहे। पिछले वर्ष हुई लड़ाई के चलते प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा।
कुंडा विकास खंड के शाहबरी गांव में पिछले साल गांव की खुली बैठक में जमकर मारपीट होने के साथ ही गोली भी चल गई थी। इस बार कोटे के चुनाव के लिए प्रधान ने खुली बैठक का आयोजन किया तो इसकी सूचना पहले से ही प्रशासन को दे दी थी। इसके चलते गांव में एक प्लाटून पीएसी के साथ ही भारी पुलिस फोर्स 11 बजे के करीब पहुंच गई। साथ ही सीओ कबींद्र नारायण मिश्र, एसडीएम प्रदीप कुमार, कोतवाल कुंडा आरके सिंह चंदेल और एसओ हथिगवां ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर डटे रहे।
हालांकि कोटे के चयन के साथ ही बैठक में किसी तरह की बात नहीं हुई लेकिन पुलिस के जवान पूरी तरह तैयार रहे। उधर खुली बैठक में नये कोटेदार प्यारेलाल को चुन लिया गया। ग्राम प्रधान सिराजुद्दीन ने बैठक की अध्यक्षता की। एडीओ पंचायत हरिश्चंद्र सरोज, मंत्री अशोक सचान, अबू जैद आदि मौजूद रहे।