सगरासुंदरपुर। मरम्मत के दौरान बाइक में हुई शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से दुकान में आग लग गई। इससे आटोपार्ट्स समेत चार बाइक जल गईं। आग बुझाने में गैरेज संचालक समेत चार लोग झुलस गए। किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
लालगंज कोतवाली के शकूहाबाद निवासी पप्पू खान की सगरासुंदरपुर बाजार में बाइक मरम्मत की दुकान है। मंगलवार को वह अपने तीन सहयोगियों के साथ बाइक की मरम्मत कर रहा था। सुबह साढ़े नौ बजे के करीब एक बाइक में किक मारते ही शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मरम्मत के लिए आईं चार बाइक और सामान जलने लगे। आग बुझाने के प्रयास में दुकान संचालक पप्पू खान (28) समेत सहयोगी समीर (20), गुलजार (19) व सलमान (24) झुलस गए। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक चार बाइक समेत हजारों के सामान जल गए। झुलसे लोगों का स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया।
अज्ञात कार चालक पर मुकदमा दर्ज
लालगंज। कोतवाली के सारीपुर निवासी बुद्धिराम सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती 12 अप्रैल को अज्ञात कार चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर वह कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा है। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। संवाद
जमीन विवाद में पिटाई से युवक लहूलुहान
लालगंज। जमीन विवाद में विपक्षियों ने युवक को लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। लालगंज कोतवाली के बहुचरा निवासी रामकृपाल उपाध्याय का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर सोमवार की शाम गांव के बृजपाल, दुर्गेश, संजय व लक्ष्मीकांत ने उसके बेटे प्रशांत को लाठी डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। ग्रामीणों ने बीचबचाव कर उसकी जान बचाई। शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
विविध कार्यक्रमों में शामिल होंगे प्रमोद तिवारी
लालगंज। केंद्रीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य व पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी बुधवार को दोपहर एक बजे सांगीपुर के गांधी इंटर कालेज में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह भवराम बोझी, पूरे तिलकराम, अमावां व मिश्राइनपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने दी है। संवाद
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
रानीगंज कैथौला। युवती ने पड़ोसी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। लालगंज कोतवाली के एक गांव की युवती का आरोप है कि पड़ोस का युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अब शादी इनकार कर रहा है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद