नगरीय क्षेत्र के मरीजों को अब इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज आकर लंबी लाइन में नहीं लगाना होगा। शहर में सात अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोलने के लिए स्वास्थ्य विभाग की कवायद अंतिम दौर में है। इन सेंटरों पर एमबीबीएस डॉक्टर, एएनएम और एलटी की तैनाती होगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर पालिका के साथ लालगंज, रानीगंज, पट्टी के अलावा कुंडा नगर पंचायत में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोलने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। इन सेंटरों में एक चिकित्सक के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात किए जाएंगे।
लोगों के स्वास्थ्य की जांच सहित उनकी स्क्रीनिंग भी की जाएगी। साथ ही हर सेंटर में योग को प्राथमिकता मिलेगी जहां योगाभ्यास कराकर उन्हें निरोग बनाने का प्रयास किया जाएगा। सरकार की स्वीकृति के बाद विभाग की ओर से इन सेंटरों को खोलने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इन सेंटरों से शहरी क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। सीएमओ डॉ.जीएम शुक्ला ने बताया कि शासन की स्वीकृति मिलते ही चिन्हित नगर पालिका तथा नगर पंचायतों में हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे।
इनसेट-
मीराभवन अर्बन में चिकित्सकों की तैनाती को सीएमओ ने लिखा पत्र
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.जीएम शुक्ल ने बताया कि सात अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोलने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। इन्हें शासन को भेजा गया है। शहर के मीराभवन में खुले अर्बन में चिकित्सकों के साथ संविदा के स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।