इन दिनाें सहालग का दौर चल रहा है। ऐसे में लोग महानगरों से गांव लौट रहे हैं। वापसी के लिए कन्फर्म टिकट न मिलने से लोग परेशान हैं। दिल्ली, मुंबई, पंजाब और देहरादून जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। दिसंबर तक स्लीपर कोच में वेटिंग लिस्ट (प्रतीक्षा सूची) 90 के पार चल रही है।
जिले के हजारों लोग रोजगार के सिलसिले में दिल्ली, अंबाला, लुधियाना, देहरादून, मुंबई, सूरत और अहमदाबाद सहित अन्य महानगरों में रहते हैं। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग गांव या फिर रिश्तेदार के घर आ रहे हैं। वापसी के लिए लोग परेशान हैं। रेलवे के अफसरों के अनुसार 10 दिसंबर तक साकेत एक्सप्रेस, तुलसी, उद्योगनगरी, पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस, पद्मावत, काशी विश्वनाथ और नीलांचल एक्सप्रेस में 90 के पार प्रतीक्षा सूची चल रही है।
राजगढ़ निवासी अवनीश ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे। मुंबई जाने के लिए 15 दिसंबर तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। बबुरहा निवासी बंट्टू सरोज सूरत में रहते हैं। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव तो आ गए मगर अब जाने के लिए कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
जंक्शन पर नियमित टिकटों की बुकिंग हो रही है। वैवाहिक सीजन के कारण स्लीपर श्रेणी के कोच में लंबी प्रतीक्षा सूची है। नई दिल्ली व मुंबई रूट पर भीड़ अधिक है। -जेपी शुक्ल, स्टेशन अधीक्षक